Tuesday, October 20th, 2026

 यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर की असली पत्नी को खोजेगी सीबीसीआईडी

 आगरा 
आगरा में तैनात रहे एक इंस्पेक्टर की असली पत्नी की खोज सीबीसीआईडी करेगी। दरअसल, इंस्पेक्टर रिटायरमेंट के बाद वह प्राइवेट नौकरी करने लगे थे । सैलरी से घर का खर्चा चलता था। एकाएक उनकी मौत हो गई। बाद में पत्नी ने पेंशन के लिए आवेदन किया तो हैरान रह गई। पता चला कि पेंशन किसी दूसरी महिला को पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। दिवंगत इंस्पेक्टर की असली पत्नी कौन है। सीबीसीआईडी को यह पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। जांच चल रही है। ऐसे एक नहीं एक दर्जन मामले चल रहे हैं। उनमें पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस कर्मियों की घरवाली और बाहरवाली की रार के मामले आए दिन अधिकारियों के सामने आते हैं। कई ऐसे हैं जिनकी आशिकी के किस्से जीते जी खुल जाते हैं। कई ऐसे हैं जिनकी मौत के बाद फजीहत होती है। एक अन्य मामले में युवक एडीजी अजय आनंद के समक्ष पेश हुआ। बताया कि पिता पुलिस विभाग में थे। मौत हो गई। पिता ने दो शादियां की थीं। दूसरी पत्नी ने पेंशन में रोड़ा अटका दिया। पंचायत हुई। पंचायत में तय हुआ कि पेंशन दूसरी पत्नी लेगी। पहली पत्नी के बेटे को नौकरी मिलेगी। पेंशन स्वीकृत हो गई। सौतेली मां ले रही है। मृतक आश्रित में उसकी नौकरी नहीं लग पा रही है। दूसरी पत्नी लिखकर देने को तैयार नहीं है। 
पिछले दिनों एसएसपी बबलू कुमार के समक्ष भी ऐसे दो मामले आए। जिनमें महिला ने पति की सर्विस बुक दिखाने की मांग की। वह यह देखना चाहती थी कि पत्नी ने अपनी सर्विस बुक में नॉमिनी किसे बनाया है। ऐसा ही एक मामला दो दिन पहले आया। महिला ने मृतक आश्रित में नौकरी के लिए आवेदन किया है। पति की मौत हो चुकी है। सास-ससुर की आनापत्ति भी चाहिए। महिला से कहा गया है कि वह उन्हें भी बुलाकर लेकर आए। सास-ससुर आने को तैयार नहीं हैं। वे कहते हैं कि बहू तो उनके साथ रहती है। यह तो बेटे की बाहर वाली है।

 

#सीबीसीआईडी

Source : Agency

पाठको की राय